उद्घाटन समारोह में हरियाणा के सीएम सैनी, सांसद बांसुरी और विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष आलोक कुमार मौजूद रहे
नई दिल्ली। राष्ट्रीय गोधन महासंघ की तरफ से आयोजित स्वदेशी राष्ट्रीय गोधन शिखर सम्मेलन 2025 का शुभारंभ बृहस्पतिवार को इंडिया गेट स्थित मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में हुआ। छह दिवसीय यह सम्मेलन से 10 नवंबर तक चलेगा। इसका केंद्रीय विषय है बायो ई3 पॉलिसी के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत पर्यावरण, अर्थव्यवस्था और रोजगार।
उद्घाटन समारोह में विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, संकल्प के संस्थापक संतोष तनेजा, और सांसद बांसुरी स्वराज ने सम्मिलित होकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सुबह हवन और मंगलाचरण से आरंभ हुए कार्यक्रम का समापन सामूहिक लंगर प्रसाद से हुआ। सम्मेलन स्थल पर लगाए गए 600 से अधिक स्टॉलों में पंचगव्य उत्पाद, जैविक खेती के समाधान, हरित ऊर्जा नवाचार और पर्यावरण अनुकूल तकनीकें प्रदर्शित की जा रही हैं। यह आयोजन किसानों, उद्यमियों और पर्यावरण विशेषज्ञों को एक साझा मंच प्रदान कर रहा है। वहीं, राष्ट्रीय संयोजक विजय खुराना ने बताया कि बायो ई3 पॉलिसी से देशभर में 20 लाख से अधिक रोजगार सृजित हुए हैं, और 22,000 से अधिक गौशालाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बन चुकी हैं। संवाद