केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के दक्षिण दिल्ली की कैलाश कॉलोनी एन ब्लॉक स्थित घर में सोमवार रात एक युवक जबरन घुस गया। सिक्योरिटी रूम में उसे सुरक्षाकर्मियों ने दबोच लिया।
संदिग्ध युवक के वित्त मंत्री के घर में घुसने की खबर से अफरा-तफरी फैल गई। आनन-फानन में पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां पहुंच गईं। स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच के अलावा कई अन्य एजेंसियों ने युवक से पूछताछ की।
उसने कहा कि सड़क पर कुछ लोग उसे पीट रहे थे। जान बचाने के लिए वह घर में घुसा था। उसे यह भी नही पता था कि यह किसका मकान है। गहन पूछताछ के बाद युवक को देर रात छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 9:00 बजे गणेश नामक युवक चिल्लाता हुआ केंद्रीय वित्त मंत्री के घर के सिक्योरिटी रूम में घुस गया। सुरक्षा कर्मियों ने फौरन उसे काबू किया। बाद में सूचना पुलिस को दी गई।
युवक ने पूछताछ में बताया कि वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला है और पास के एक गेस्ट हाउस में सुरक्षा गार्ड है। सोमवार रात वह घर लौट रहा था, तभी वित्त मंत्री के घर के पास तीन-चार लोगों ने उस पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए वह वित्त मंत्री के घर में घुस गया। जिला पुलिस उपायुक्त विजय कुमार ने बताया कि इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।