पूर्वी दिल्ली। साउथ गणेश नगर में गंदे पेयजल की आपूर्ति से निवासियों की परेशानी बढ़ गई है। लोगों का आरोप है कि इलाके में पानी की आपूर्ति नियमित रूप नहीं है। पानी आता भी है तो वह गंदा होता है। ऐसे में पेयजल की किल्लत हो गई है। उन्हें पानी की बोतलें खरीदकर प्यास बुझानी पड़ रही है।
निवासियों के अनुसार, पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा के लिए भी उन्हें लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है। पानी की गुणवत्ता को लेकर परिवारों में चिंता बनी हुई है। लोगों को समझ नहीं आता कि घरों में आने वाले पानी का इस्तेमाल किस काम के लिए करें। निवासियों का कहना है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
वर्जन
प्रशासन को लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ है। लगातार गंदा पानी आने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उनमें नाराजगी है। पेयजल आपूर्ति की जांच कराई जाए और लोगों को नियमित स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया जाए। - प्रवीन शर्मा, अध्यक्ष, आरडब्ल्यूए