दिन पर दिन तल्ख होते सूरज के तेवरों के कारण रविवार का दिन बीते 10 सालों व इस सीजन में सबसे गर्म रिकॉर्ड किया गया है। अधिकतम तापमान सामान्य से आठ अधिक 38.3 व न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच अधिक 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले वर्ष 2012 में अधिकतम पारा 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। मौसम विशेषज्ञों का पूर्वानुमान है कि इस पूरे सप्ताह राहत के आसार नहीं हैं। अगले 24 घंटे में मौसम साफ रहने के साथ कड़ी धूप रहेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को राजस्थान, दक्षिण-पश्चिम पंजाब, महाराष्ट्र, गुजरात व तेलांगाना में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की कमी हुई है। वहीं, दिल्ली के कुछ इलाके में इसमें एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी देखने को मिली है। राजस्थान, उतराखंड व पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ भागों में लू भी रिकॉर्ड की गई है। गुजरात व राजस्थान के कुछ भागों में अधिकतम पारा 38 से 40 व मध्यप्रदेश के कुछ भागों में यह 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है।
बीते 24 घंटे में दिल्ली में हवा में नमी का स्तर 20 से 91 फीसदी तक रहा। वहीं, 39.9 डिग्री सेल्सियस के साथ पीतमपुरा और स्पोर्ट्स कांप्लेक्स इलाका सबसे गर्म रहा है। इसके अलावा नजफगढ़ में 39.5, पालम में 38.1 व लोधी रोड में 38.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम पारा रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में मौसम साफ रहेगा व तेज धूप खिली रहेगी। अधिकतम पारा 37 व न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, पूरे सप्ताह तेज गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। अगले दो दिनों में तेज रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में मामूली रूप से कमी होगी। हालांकि, धूप की तपिश में कमी होने की संभावना नहीं है। उधर, रविवार को दिल्ली-एनसीआर की हवा खराब श्रेणी में रही। दिल्ली का एक्यूआई 242, फरीदाबाद 202, गाजियाबाद 291, ग्रेटर नोएडा 242, गुरुग्राम 228 व नोएडा का 230 एक्यूआई रहा।