सुंदर भाटी गिरोह के शार्प शूटर बालेश्वर भाटी
- फोटो : अमर उजाला
डीएनडी पर जांच के दौरान शनिवार शाम को पुलिस पर गोली चलाकर भाग रहा सुंदर भाटी गिरोह के शार्प शूटर बालेश्वर भाटी मुठभेड़ में घायल हो गया। पैर में गोली लगने बाद कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस ने शनि मंदिर के सामने से उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से बिना नंबर प्लेट की कार, असलहा और कारतूस मिले हैं।
एसएसपी डॉ. अजय पाल शर्मा ने बताया कि सेक्टर-20 के प्रभारी निरीक्षक मनोज पंत डीएनडी पर दिल्ली से आने वाले वाहनों की जांच कर रहे थे। इस दौरान एक कार सवार ने पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस के पीछा करने पर वह शनि मंदिर की तरफ भाग गया।
पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाश ने कार से उतरकर गोली चलानी शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल भेजा गया जहां पूछताछ के दौरान उसकी पहचान घंघोला ग्रेटर नोएडा निवासी बालेश्वर भाटी उर्फ बालेश्वर पहलवान के रूप में हुई।
उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसटीएफ को भी छह माह से उसकी तलाश थी। वह बादलपुर थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान एसटीएफ पर गोली चलाकर फरार हो गया था। बालेश्वर सुंदर भाटी गिरोह की इन दिनों कमान संभाल रहे उसके भतीजे अनिल भाटी के लिए दिल्ली टोल टैक्स पर वसूली का काम कर रहा था। बालेश्वर का नाम भाजपा नेता शिवकुमार हत्याकांड में भी आया था।
इंस्पेक्टर को मिली शाबाशी
शहर में लगातार हो रही घटनाओं के बाद कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस की टीम ने तीन दिनों में एक के बाद एक गुड वर्क किया तो कोतवाली प्रभारी मनोज पंत को कप्तान ने शाबाशी दी। दरअसल एसएसपी शहर के अधिकतर कोतवालों के काम करने के तरीके से संतुष्ट नहीं हैं। इस दौरान सुंदर भाटी गिरोह के बदमाश को पकड़ने से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश करने पर कोतवाली सेक्टर-20 की पुलिस टीम का उत्साह बढ़ाया गया।