आने वाली गर्मियों के दौरान सब्जियां महंगी न हो इसकी तैयारी दिल्ली सरकार ने शुरू की दी है। सोमवार को उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, विकास मंत्री गोपाल राय और खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री आसिम अहमद खान ने अधिकारियों के साथ बैठक की।
इसमें स्मॉल फार्मर एग्री बिजनेस कंसोर्टियम के प्रबंध निदेशक ने प्रजेंटेशन दिया। गरीबों को सस्ती सब्जी मिल सके इसके लिए रेहड़ी पर आधुनिक तरीके से सब्जी बेचने और बिचौलियों की मुनाफाखोरी खत्म करने पर चर्चा की गई।
उप-मुख्यमंत्री ने कहा है कि गर्मी में आलू-प्याज समेत दूसरी सब्जियों की महंगाई का रिकॉर्ड रहा है। ऐसे में सरकार महंगाई नियंत्रण में सही तरीके से हस्तक्षेप की रूपरेखा तैयार कर रही है। उसमें खाद्य एवं आपूर्ति सचिव, विकास निदेशक व कृषि विपणन बोर्ड के अधिकारियों से साफ कहा है कि किसानों को उनका हक मिलना चाहिए। लेकिन गरीबों को मुनासिब कीमत पर सब्जी मिले इसकी व्यवस्था करनी है।
मनीष सिसोदिया ने यह भी कहा है कि रेहड़ी पर सब्जी बेचने वालों को कानूनी संरक्षण इस हिसाब से दिया जाए कि वह ईमानदारी से सब्जी लोगों को उपलब्ध करा सकें। इसके साथ ही विभाग को रेहड़ी पर सब्जी बेचने के आधुनिक तरीकों पर काम कर रहा है ताकि सब्जी आसानी से सही कीमत पर मिल सके।