सुदीक्षा भाटी डेथ केस: बच्चियों को पढ़ाती थी सुदीक्षा
- फोटो : अमर उजाला
अमेरिका में पढ़ रही सुदीक्षा भाटी की मौत के मामले में चार दिन बाद भी पुलिस आरोपियों का कोई सुराग नहीं तलाश सकी है। अब बुलंदशहर पुलिस ने आरोपियों पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है।
पुलिस का कहना है कि सुदीक्षा प्रकरण से संबंधित बुलेट मोटरसाइकिल चालक/सवार के संबंध में सूचना देने वाले को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बुलंदशहर द्वारा 20,000 रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। यह भी उल्लेखनीय है कि यदि सूचना देने वाला व्यक्ति अपना नाम गोपनीय रखना चाहता हो तो उसका नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा। सूचना निम्न मोबाइल नंबरों पर दी जा सकती है- 9454400253
9454401023
सुदीक्षा की मौत मामले की सीबीसीआईडी जांच की मांग
अमेरिका में पढ़ रही सुदीक्षा भाटी की मौत के मामले में भाकियू कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपते हुए सीबीसीआईडी जांच कराने की मांग की है। वहीं मृतक छात्रा के परिवार को आर्थिक मदद के रूप में पांच करोड़ रुपये देने की भी आवाज उठाई।
गुरुवार सुबह भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता एकत्र होकर तहसील पहुंच गए। जहां उन्होंने बैठक आयोजित की। जिसमें होनहार छात्रा सुदीक्षा भाटी को श्रद्धांजलि अर्पित की और भगवान से परिवार को इस दुख की घड़ी का सामना करने की सामर्थ्य देने की प्रार्थना की। जिसके बाद संगठन के तहसील अध्यक्ष कल्याण सिंह और युवा किसान नेता अरब सिंह ने कहा कि सुदीक्षा मेधावी छात्रा थी। उस छात्रा के साथ जो घटना हुई है। इससे समस्त देश और भाकियू कार्यकर्ता भी पूरी तरह से आहत हैं।
उन्होंने कहा कि घटना की सीबीसीआईडी जांच कराते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। इसके अलावा उन्होंने प्रदेश सरकार से मृतक छात्रा के परिवार को पांच करोड़ रुपये की धनराशि प्रदान करने की मांग की। वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम लवी त्रिपाठी को सौंपा। इस दौरान पुष्पेंद्र सिंह, चंद्रपाल सिंह, ललित, रामवीर सिंह, हरपाल, शिवदत्त शर्मा, विश्वेंद्र सिंह आदि रहे।