सुदीक्षा भाटी के घर पहुंची एसआईटी
- फोटो : अमर उजाला
ग्रेटर नोएडा की होनहार छात्रा सुदीक्षा भाटी जिसकी अपने मामा के घर जाते वक्त रास्ते में छेड़छाड़ के दौरान सोमवार को मौत हो गई, उस केस में अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं।
सुदीक्षा की मौत को 84 घंटे बीत गए हैं। इस दौरान जांच के लिए गठित एसआईटी और पुलिस की टीमें बुलंदशहर से स्याना तक दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाल चुके हैं और अभी यह सिलसिला जारी भी है। इसके साथ ही गुरुवार दोपहर 12 बजे तक 34 काली बुलेट बाइक थाने पहुंच चुकी है लेकिन इन सब का कोई नतीजा नहीं निकला है।
सुदीक्षा के घर फिर पहुंची एसआईटी, पिता से अकेले में की पूछताछ
वहीं सुदीक्षा मौत मामले के लिए गठित एसआईटी की एक टीम बादलपुर के डेरीस्कनर सुदीक्षा के घर पहुंची है। टीम सुबह 10.30 बजे डेरीस्कनर पहुंची। टीम के सदस्यों ने पिता जितेंद्र भाटी से अलग से पूछताछ की। इस दौरान उनके साथ परिवार के सदस्य भी नहीं थे उन्हें कमरे से बाहर ही रोक लिया गया था।
एसआईटी की टीम में सीओ दीक्षा सिंह भी हैं जो परिवार के लोगों और पिता से भी पूछताछ कर रही हैं और मामले को लेकर जानकारी जुटा जा रही हैं। टीम ने पिता जितेंद्र, चाचा सतेंद्र और चचेरे भाई निगम व गीता से बात कर पूरे घटनाक्रम के बारे में विस्तार से पूछा।
परिजनों ने सीएम को भेजा ज्ञापन
वहीं आज परिजनों ने सुदीक्षा मौत मामले में सीएम योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन भी भेजा है।