दिल्ली एनसीआर में फिर से धूल भरी आंधी चली। तूफान की वजह से कई इलाकों में बिजली गुल हो गई है। गाजियाबाद में भी तेज हवाओं ने दस्तक दी। इसके अलावा हापुड़ में तेज हवाओं के साथ बारिश आई।
गौतमबुद्धनगर जिले में भी तेज हवाएं चली साथ में बारिश भी आई। धूल भरी आंधी को देखते हुए लोग अपने घरों में कैद हो गए हैं। तूफान की वजह से दृश्यता में कमी आई और रास्ते में सफर कर रहे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार देर रात से मंगलवार तड़के तक 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चली। बूंदाबांदी से दिन का तापमान पांच डिग्री तक गिर गया। वैज्ञानिकों की मानें तो 12 मई तक मौसम में इसी तरह उतार-चढ़ाव रहेगा।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्र से शुरू हुए तूफान का केंद्र राजस्थान रहा। राजस्थान और हरियाणा की तरफ बने साइक्लोन से वेस्ट यूपी, पूर्वी उत्तर प्रदेश और एनसीआर में धूल भरी आंधी की रफ्तार बढ़ते-बढ़ते 80 किमी प्रति घंटे पर पहुंच गई थी। इसका असर भी कहीं ज्यादा तो कहीं कम रहा।