पुन: प्रेषित:
-दो साल में तीन गुना बढ़ीं गर्भनिरोधक के नए तरीके का प्रयोग करने वाली महिलाएं
- सब-डर्मल इंप्लांट की सफलता दर अधिक, कभी भी हटा सकते
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली की महिलाओं में गर्भनिरोधक का आधुनिक तरीका सब-डर्मल इंप्लांट काफी लोकप्रिय हो रहा है। एक बार यह इंप्लांट करवाने से पांच-छह साल तक गर्भधारण से छुटकारा मिल सकता है। दिल्ली आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार, दो साल में इसे अपनाने वाली महिलाओं की संख्या तीन गुना से ज्यादा बढ़ी है। 2023-24 में जहां सिर्फ 558 महिलाओं ने इसे अपनाया था, वहीं 2024-25 में उनकी संख्या 1810 हो गई।
दिल्ली के सभी जिलों में यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। कुछ अन्य इंजेक्शन आधारित सेवाएं मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पतालों में दी जा रही हैं। स्त्री रोग और आईवीएफ विशेषज्ञ डॉ. अर्चना धवन बजाज ने बताया कि सब-डर्मल इंप्लांट एक आधुनिक और बेहद प्रभावी लॉन्ग-टर्म कॉन्ट्रासेप्टिव विकल्प है। इसकी सफलता दर अधिक होती है।साथ ही, इसे कभी भी हटाया जा सकता है और फर्टिलिटी जल्दी वापस आ जाती है। प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सोनल बाथला ने बताया कि यह महिलाओं के लिए एक सुरक्षित, दीर्घकालिक और अत्यंत प्रभावी गर्भनिरोधक विकल्प है।
क्या है सब-डर्मल इंप्लांट?
सब-डर्मल इंप्लांट प्रेगनेंसी रोकने का तरीका है, जिसे महिला की बाजू की त्वचा के नीचे लगाया जाता है। इसके लिए एक छोटी, लचीली, माचिस की तीली के आकार की छड़ी को महिला की ऊपरी बांह की त्वचा के नीचे पांच मिनट की एक छोटी प्रक्रिया में लगाया जाता है। यह धीरे-धीरे हार्मोन छोड़ती है, जिससे अंडा बनना रुक जाता है।