-जामिया परीक्षा नियंत्रक कार्यालय ने एंड सेमेस्टर परीक्षा को लेकर जारी किए दिशा-निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
जामिया मिल्लिया इस्लामिया के परीक्षा नियंत्रक कार्यालय ने एंड सेमेस्टर परीक्षाओं को लेकर छात्रों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसमें गर्मी को देखते हुए छात्रों को पानी की पारदर्शी बोतल लाने की अनुमति दी गई है। छात्रों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट बाद किसी भी छात्र को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही छात्रों को केवल आवंटित परीक्षा केंद्र पर ही परीक्षा देनी होगी वरना परीक्षा रद्द मानी जाएगी। निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि मोबाइल फोन, ब्लूटूथ या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे किसी भी प्रतिबंधित वस्तु को परीक्षा केंद्र में ले जाना पूरी तरह वर्जित है। छात्रों को अपने साथ एडमिट कार्ड, वैध पहचान पत्र (आधार कार्ड या जामिया आईडी) और पारदर्शी पानी की बोतल व पेन ही ले जाने की अनुमति होगी।
परीक्षा के दौरान नकल या किसी भी अनुचित साधन के इस्तेमाल पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्रों को उत्तर पुस्तिका निरीक्षक को सौंपना अनिवार्य होगा। प्रशासन ने सभी छात्रों से इन निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की है ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारु और निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सके।