नई दिल्ली। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने पंजाबी भाषा प्रसार कमेटी के सहयोग से सफर-ए-पंजाबी 2025 कार्यक्रम का आयोजन गुरुद्वारा रकाब गंज साहिब परिसर स्थित भाई लाखी शाह वंजारा हॉल में किया। कार्यक्रम में गुरु हरिकृष्ण पब्लिक स्कूलों के प्रिंसिपल, स्टाफ और विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
विज्ञापन
कमेटी के प्रधान हरमीत सिंह कालका और महासचिव जगदीप सिंह काहलों ने कहा कि घरों में पंजाबी भाषा का प्रयोग घट रहा है। इसको देखते हुए तीन साल पहले पंजाबी भाषा प्रसार कमेटी का गठन किया गया था, जो हर साल एक नए शीर्षक के साथ अभियान चला रही है। इस बार सफर-ए-पंजाबी 2025 के तहत विद्यार्थियों को पंजाबी भाषा के इतिहास और गुरमुखी लिपि के विकास जैसे विषय दिए गए, जिन पर उन्होंने अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने यह भी घोषणा की कि गुरु तेग बहादुर साहिब जी की 350वीं शहादत वर्षगांठ पर हर घर के बाहर पंजाबी मातृभाषा को समर्पित पोस्टर और स्टीकर लगाए जाएंगे, जिन पर लिखा होगा हम अपनी मातृभाषा के वारिस हैं। ब्यूरो