नशे में धुत बीसीए छात्र की स्कूटी में पेट्रोल क्या खत्म हुआ उसने हंगामा कर दिया। छात्र ने कंट्रोल रूम में फोन कर पुलिस बुला ली और उनसे स्कूटी में पेट्रोल डलवाने के लिए कहने लगा।
पुलिसवालों ने उसे डांटा तो उनसे भिड़ गया और मारपीट पर उतारू हो गया। घटना कविनगर के सेक्टर-23 संजयनगर की है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
सेक्टर-23 संजयनगर चौकी इंचार्ज गोपीचंद ने बताया कि बुधवार रात सूचना मिली कि स्कूटी सवार एक युवक सेक्टर-23 संजयनगर में है। उसके साथ कोई घटना हो गई है। सूचना पर पहुंचे तो छात्र से परेशानी जाननी चाही।
इस पर उसने कहा कि उसकी स्कूटी का पेट्रोल खत्म है। पेट्रोल डलवाओ। वह नशे में था। इस पर पीसीआर-35 सवार पुलिसवालों की उससे कहासुनी हुई। आरोप है कि छात्र ने उनके साथ मारपीट की।
मामले की रिपोर्ट कविनगर थाने में दर्ज कराई है। आरोपी निशांत मानसी विहार का रहने वाला है। निशांत ने बताया कि वह बीसीए फाइनल ईयर का छात्र है। निशांत का कहना है कि उसने मारपीट नहीं की।