मिरांडा हाउस कॉलेज में ओपन हाउस, छात्राओं को सवालों का मिला जवाब
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में स्नातक दाखिला के लिए पंजीकरण प्रक्रिया जारी है। पंजीकरण के दूसरे चरण में प्राथमिकता सूची (कॉलेज व कोर्स चयन) भरने को लेकर छात्राओं और अभिभावकों के मन में कई प्रश्न हैं। इन्हीं सवालों का समाधान करने के उद्देश्य से मिरांडा हाउस कॉलेज ने सोमवार को तीन दिवसीय ओपन हाउस फेस-2 की शुरुआत की। पहले दिन 150 से अधिक छात्राओं ने सत्र में भाग लेकर अपने सवालों के जवाब प्राप्त किए। यह ओपन हाउस सात व आठ जुलाई को भी जारी रहेगा।
इस विशेष सत्र में छात्राओं ने प्राथमिकता सूची बनाने के गुर समेत ईसीए, स्पोर्ट्स कोटा, हॉस्टल, सर्टिफिकेट कोर्स, करियर विकल्प, समेत कई प्रकार की जानकारी प्राप्त की। गुरुग्राम से आई वान्या मिरांडा हाउस में स्नातक में दाखिले की इच्छुक हैं। वह कॉलेज व कोर्स चयन में प्राथमिकता सूची तैयार करने को लेकर काफी असमंजस में थी। उनके सवाल पर ओपन हाउस में विशेषज्ञों ने उनकी रुचि, अंक और करियर विकल्पों के आधार पर उन्हें सही मार्गदर्शन दिया, जिससे उनकी सभी शंकाओं का समाधान हो गया।
वहीं जयपुर से आई पूजा ने भूगोल विषय में उच्च शिक्षा और करियर की संभावनाओं को लेकर सवाल किए। विशेषज्ञों ने उन्हें विषय से जुड़े रोजगार, उच्च शिक्षा और शोध के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। कई छात्राओं ने बीएड और बीएससी पाठ्यक्रमों की पात्रता, प्रवेश प्रक्रिया और भविष्य की संभावनाओं को लेकर भी सवाल पूछे। एक अन्य छात्रा ने विदेशी भाषा कार्यक्रम के बारे में जानकारी ली। पूरे सत्र के दौरान सर्टिफिकेट कोर्सेज को लेकर सबसे अधिक प्रश्न पूछे गए।
ओपन हाउस सत्र में विशेषज्ञ पैनल में कॉलेज प्राचार्य प्रो डॉ बिजयालक्ष्मी नंदा समेत अन्य शिक्षकों डॉ नंदिनी दत्ता, प्रो हेना सिंह, डॉ चंदन ने छात्राओं को प्राथमिकता सूची सोच-समझकर तैयार करने और उपलब्ध अवसरों का बेहतर चयन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मिरांडा हाउस प्राचार्य डॉ बिजयालक्ष्मी नंदा ने कहा कि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान सही जानकारी और उचित मार्गदर्शन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि प्रत्येक छात्रा तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचे ताकि वह बिना किसी भ्रम के अपने भविष्य से जुड़े निर्णय ले सके। उन्होंने छात्राओं से 7 व 8 जुलाई को होने वाले ओपन हाउस में भी भाग लेने की अपील की।