1 फरवरी को 5वीं एथलेटिक वर्ल्ड्स मीट का होगा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
केंद्रीय सिविल सेवा सांस्कृतिक एवं खेल बोर्ड (सीसीएससीबी) की ओर से केंद्र सरकार के कर्मचारियों के बच्चों के लिए 5वीं एथलेटिक वर्ल्ड्स मीट का आयोजन 1 फरवरी को हो रहा है। प्रतियोगिता सुबह 9 बजे से चाणक्यपुरी स्थित विनय मार्ग स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शुरू होगी। महोत्सव में 6 से 18 वर्ष तक के बालक-बालिका खिलाड़ी विभिन्न एथलेटिक स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है। प्रतियोगिता में दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, रिले रेस, शॉटपुट सहित कई एथलेटिक स्पर्धाएं होंगी। सभी आयु वर्गों के लिए अलग-अलग वर्ग बनाए हैं, ताकि प्रतिभागियों को समान स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिल सके। सीसीएससीबी ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार का प्रवेश शुल्क नहीं रखा है। केंद्र सरकार के कर्मचारियों के बच्चे निःशुल्क पंजीकरण कराकर इसमें हिस्सा ले सकते हैं। आयोजन समिति ने प्रतिभागियों के लिए खेल सुविधाओं के साथ-साथ प्राथमिक चिकित्सा, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की है। प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा, जिससे बच्चों का उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ सके। आयोजन से जुड़े अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के खेल आयोजनों से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धात्मक सोच विकसित होती है।