एनजीटी के आदेश की अनदेखी ने दो मासूमों की जान ले ली। नोएडा थाना सेक्टर 39 क्षेत्र में बिल्डर साइट पर भरे पानी में नहाने गए दो किशोर डूब गए। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सदरपुर निवासी 14 वर्षीय रवि और प्रशांत की सेक्टर 94 स्थित एक बिल्डर साइट पर पानी में डूबने से मौत हो गई। रवि की मां सुंदरावती ने बताया कि प्रशांत और रवि दोनों दोस्त थे।
दोनों सदरपुर स्थित सर्वोदय विद्यालय में कक्षा आठवीं में पढ़ते थे। रविवार दोपहर करीब 12 बजे प्रशांत घर आया था। आधे घंटे में लौटकर आने की बात कहकर रवि और प्रशांत घर से निकल गए।
शाम तक वे नहीं लौटे तो लगा कि बच्चे दोस्तों के घर पढ़ने के लिए गए होंगे। रात होने पर चिंता सताने लगी। काफी ढूंढने के बाद भी बच्चे नहीं मिले तो पुलिस में शिकायत दी।