आईआईटी में दाखिला पाने वाले छात्र विजय के साथ मुख्यमंत्री केजरीवाल
- फोटो : अमर उजाला
गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाले विजय को आईआईटी दिल्ली में दाखिला मिलने पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने खुशी जताई है। उन्होंने विजय को पूरे देश के बच्चों के लिए प्रेरणा बताया, वहीं उसकी पढ़ाई का खर्च उठाने वाले व्यवसायी वरुण गांधी की भी जमकर तारीफ की। विजय के पिता टेलर और मां गृहणी हैं।
सचिवालय में रविवार को विजय और उनके पिता के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार गरीब बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए जय भीम योजना के तहत कोचिंग की सुविधा दे रही है। इस योजना के तहत कोचिंग लेने वाले छात्र विजय को आईआईटी दिल्ली में केमिकल इंजीनियरिंग में दाखिला मिला है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि डिफेंस कॉलोनी में रहने वाले व्यवसायी वरुण गांधी, विजय की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाएंगे। वरुण और उनके पूरे परिवार ने खुद आगे बढ़कर यह ऑफर दिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि हमारी सरकार उच्च शिक्षा में दाखिला लेने वालों को 10 लाख रुपये तक का लोन दिला रही है। यह लोन पढ़ाई पूरी करने के एक साल बाद पंद्रह साल में आसान किस्तों में चुकाया जा सकता है।
व्यवसायी वरुण गांधी के आगे आने से विजय को लोन लेने की जरूरत नहीं पड़ी। विजय और वरुण दोनों देश के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने वरुण की तरह अन्य समर्थ लोगों से आगे आने की अपील करते हुए कहा कि जिनके पास साधन हैं यदि वह समाज के साथ मिल जाएं तो देश को आगे ले जा सकते हैं।
शिक्षा हक है, सबको मिलनी चाहिए
विजय की पढ़ाई का खर्च उठाने वाले व्यवसायी वरुण गांधी का कहना है कि दान देने से अच्छा है किसी रोते बच्चे को हंसा दें। मैं इसे पूजा समझता हूं। उन्होंने कहा कि ‘इंडियन ब्रेन इज मोस्ट इंटेलिजेंट ब्रेन इन वर्ल्ड’ गरीब बच्चे साधन नहीं मिलने से आगे नहीं बढ़ पाते। भगवान ने समर्थ बनाया है तो हमें जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा हक है, यह सभी को मिलनी चाहिए। विशेष रूप से जो प्रतिभावान है, उसे उसका हक मिलना चाहिए।
विजय ने बताया कि मैं शुरुआत से ही आईआईटी से उच्च शिक्षा हासिल करना चाहता था। सरकार की योजना से कोचिंग लेने में मदद मिली। सरकार के सहयोग से मेरे जैसे और भी छात्र पूरी मेहनत से पढ़ाई कर उच्च शिक्षा हासिल कर सकते हैं।