नोएडा के सेक्टर-63 के एक होटल में गुरुवार को बुलंदशहर जिले के छात्र ने छात्रा को गोली मार दी और खुद पंखे से लटककर जान दे दी। दोनों सुबह होटल के कमरे में आए थे।
गंभीर हालत में छात्रा का इलाज दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार छात्रा को गोली मारने और आत्महत्या करने वाले छात्र की पहचान सिकंदराबाद, बुलंदशहर निवासी मोहित यादव (22) के रूप में हुई है।
वह गाजियाबाद के बम्हेटा में बुआ के घर पर रहकर यूपी पुलिस की तैयारी के लिए कोचिंग कर रहा था। उसके साथ ही गाजियाबाद की कृष्णा विहार कॉलोनी निवासी छात्रा भी पढ़ाई करती थी।
दोनों बृहस्पतिवार सुबह नोएडा के सेक्टर-63 स्थित योयो होटल पहुंचे। दोपहर बाद करीब पौने एक बजे छात्रा के चिल्लाने की आवाज सुनने पर होटल के कर्मचारी कमरे पर पहुंचे तो अंदर से कमरे की कुंडी लगी हुई थी।