जहांगीरपुरी इलाके में ग्यारहवीं कक्षा में फेल होने पर एक छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर मामले की जांच में जुटी है। मृत छात्र की पहचान गोविंद(18) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार गोविंद अपने परिजनों के साथ ई ब्लॉक जहांगीरपुरी में रहता था। उसका पिता विजय निजी कंपनी में काम करता है। गोविंद शालीमार बाग स्थित सरकारी स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था। कुछ दिन पहले उसका ग्यारहवीं कक्षा का रिजल्ट आया था, जिसमें वह फेल कर गया था।
रिजल्ट आने के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान था। परिवार वालों ने उसे काफी समझाया था और आगे मेहनत कर परीक्षा देने की बात कही थी। लेकिन रविवार शाम गोविंद खुद को कमरे में बंद कर लिया।
काफी देर तक गोविंद को नहीं देखने पर परिवार वाले कमरे के पास पहुंची। दरवाजा खटखटाने पर गोविंद ने दरवाजा नहीं खोला। परिवार वालों ने दरवाजे को तोड़कर अंदर कमरे में गए। जहां गोविंद पंखे से चुन्नी का फंदा बनाकर लटका हुआ था।
परिवार वालों ने उसे नीचे उतार कर पास के अस्पताल में ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मौके पर छानबीन करने के दौरान कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
लेकिन परिवार वालों से पूछताछ में पता चला कि फेल करने के बाद से गोविंद काफी परेशान था। पुलिस ने फेल करने से परेशान होकर खुदकुशी की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।