दिल्ली पुलिस की मल्टी टॉस्किंग स्टाफ (एमटीएस) की परीक्षा देने आए एक और मुन्ना भाई को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान रोहन गांव, सिरसा तहसील, हरियाणा निवासी विक्रम (20) के रूप में हुई है। आरोपी अपने कपड़ों में ब्लू टूथ डिवाइस छुपाकर पहुंचा था। परीक्षा से पूर्व निरीक्षक की तलाशी के दौरान उसके पास से डिवाइस बरामद हुई। सोनिया विहार थाना पुलिस ने विक्रम को गिरफ्तार उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक इन दिनों सोनिया विहार स्थित पुलिस ट्रेनिंग कैंप में एमटीएस की परीक्षा चल रही है। शनिवार को आरोपी विक्रम उसी की परीक्षा देने आया था। लेकिन परीक्षा शुरू होने से पूर्व ही आरोपी पकड़ा गया। इससे पूर्व शुक्रवार को दो मुन्ना भाइयों को नकल करते हुए पकड़ा गया था। पुलिस अधिकारी ने बता कि आरोपी अपने मोबाइल के जरिये ब्लूटूथ कनेक्ट कर नकल करने का प्रयास करते हैं। इसके जरिये बाहर बैठा कोई शख्स अंदर बैठे परीक्षार्थी को आसानी से नकल करा देता है।