फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इंजीनियर को लूटकर मुरादाबाद में फेंका

Sun, 31 Jan 2016 01:08 AM IST
अमर उजाला, वैशाली
विज्ञापन
विज्ञापन
बदमाशों ने गनप्वाइंट पर शुक्रवार की शाम वैशाली सेक्टर-4 से सॉफ्टवेयर इंजीनियर आशुतोष खरे का अपहरण कर लूटपाट की। विरोध करने पर पीटा। बदमाशों ने उनके खाते से एटीएम कार्ड के जरिए एक लाख तीस हजार रुपये निकलवाए।
विज्ञापन


इंजीनियर के मोबाइल का सिम तोड़ दिया और उनकी लग्जरी कार, लैपटॉप, पर्स लूूट लिया। मुरादाबाद में चंदौसी रोड के पास जंगल में इंजीनियर को फेंककर बदमाश भाग गए। एटीएम से पैसे निकलवाने के बाद बदमाशों ने इंजीनियर को बेहोश कर दिया।

मुरादाबाद में लोगों की मदद से परिवार से संपर्क किया और वहां की पुलिस को शिकायत देकर जीरो एफआईआर दर्ज कराई। शनिवार को थाना इंदिरापुरम में रिपोर्ट दर्ज कराई।
विज्ञापन


इंदिरापुरम में अहिंसा खंड दो स्थित आशियाना ग्रीन सोसायटी निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर आशुतोष खरे नोएडा स्थित एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत हैं। शुक्रवार की शाम करीब पौने सात बजे अपनी एक्सयूवी-500 कार से घर लौटते वक्त वैशाली सेक्टर-4 की पुलिया के पास नारियल पानी खरीदने के लिए रुके।

नारियल पानी लेकर वह कार में बैठ रहे थे, तभी तीन बदमाशों ने उन्हें गन प्वाइंट पर ले लिया। बदमाशों ने कार के अंदर धक्का देकर बैठाया और मारपीट करते हुए उनका चेहरा कार में नीचे कर दिया।

उनसे मोबाइल छीनकर सिम कार्ड तोड़ दिया। जान से मारने की धमकी देते हुए एटीएम कार्ड का पिन नंबर पूछा और विजय नगर के पास से एक एटीएम से 60 हजार रुपये निकलवाए। एनएच-24 पर मुरादाबाद की ओर चलते गए।

इसी दौरान कुछ सुंघाकर इंजीनियर का बेहोश कर दिया। कुछ देर बाद जब उन्हें कुछ होश आया तो कार में तीन की जगह चार बदमाश हो गए थे। रास्ते से एक बदमाश और कार में सवार हुआ था।

इसके बाद बदमाशों ने उन्हें हल्की बेहोशी की हालत में रात करीब सवा 12 बजे मुरादाबाद स्थित चंदौसी रोड पर जंगल के पास फेंक दिया और उनकी कार, अंगूठी, चेन, लैपटॉप, पर्स लूटकर फरार हो गए।

उन्होंने जंगल के पास ही बसे गांव के कुछ लोगों से मदद लेकर मोबाइल से परिवार और पुलिस को सूचना दी। उनके पास पुलिस पहुुंची और गाजियाबाद से जीजा और चाचा भी मुरादाबाद के लिए रवाना हुए।

मुरादाबाद पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज की, जिसके बाद शनिवार को गाजियाबाद लौटने पर शाम उन्होंने थाना इंदिरापुरम में लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई।

एसपी सिटी अजय पाल सिंह ने बताया कि सॉफ्टवेयर इंजीनियर से पूछताछ के बाद जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।

ठीक से नहीं देख पाए बदमाशों के चेहरे
सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने पुलिस को बताया कि सब कुछ बहुत तेजी से हुआ। कार में धक्का देते ही बदमाशों ने उनका चेहरा कार में नीचे कर दिया और फिर बेहोश कर दिया। वे उन्हें देख नहीं पाए।

उत्तराखंड में भी एटीएम से निकाले 70 हजार रुपये
इंजीनियर को मुुरादाबाद में फेंकने के बाद बदमाश उत्तराखंड की ओर रवाना हुए। इसका पता तब चला जब उन्होंने अपने बैंक में पूछताछ की। बदमाशों ने उत्तराखंड के उधमपुर में भी उनके एटीएम से देर रात 70 हजार रुपये निकाल लिए।

रात 12 बजे के बाद दिन बदलने के चलते बदमाशों ने कुछ ही घंटों में दूसरा ट्रांजेक्शन भी कर लिया था। कुल एक लाख 30 हजार रुपये एटीएम से निकाले गए।

बदमाश बोले- मजबूरी में करनी पड़ रही लूट
जब कार में सॉफ्टवेयर इंजीनियर को होश आया था तो बदमाशों ने उनसे कहा था कि मजबूरी में लूट करनी पड़ रही है। हमारी मजबूरी है, वरना नहीं करते। सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने बताया कि बदमाशों ने कई बार ये बात उनसे कही।

रोज खरीदते थे नारियल पानी
इंजीनियर रोज वैशाली सेक्टर-4 से नारियल पानी खरीदते थे। ऐसे में पुलिस का कहना है कि बदमाशों ने पहले ही रेकी कर रखी थी। एसएचओ ने बताया घटनास्थल के आसपास की सभी दुकानवालों से पूछताछ हो रही है।
विज्ञापन


नारियल वाले ने भी जानकारी से मना किया। जिस एटीएम से रुपये निकाले गए हैं, उनकी सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें