मंत्री ने निरीक्षण के बाद दिया वैज्ञानिक तरीके से कूड़ा निस्तारण के निर्देश
अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली देहात में सफाई और कूड़ा प्रबंधन को लेकर दिल्ली सरकार ने एमसीडी के खिलाफ सख्ती दिखाई है। मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने बवाना क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कूड़ा प्रबंधन, सीवर और नालों की सफाई समेत कई मुद्दों पर सख्त निर्देश दिए और अधिकारियों को लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी। मंत्री ने दीप विहार, प्रहलादपुर समेत कई इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम, एसडीएम, पीडब्ल्यूडी, एमसीडी, डीजेबी और डीडीए समेत कई विभागों के अधिकारी साथ रहे।
निरीक्षण में कूड़ा निस्तारण बड़ी समस्या रही। लोगों ने सड़कों, खाली प्लॉट और पार्कों में कूड़ा फेंके जाने की शिकायत की। इस पर मंत्री ने वैज्ञानिक तरीके से कूड़ा प्रबंधन प्रणाली अपनाने और जरूरत के अनुसार कॉम्पैक्टर लगाने के निर्देश दिए। मंत्री ने अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर संयुक्त कार्रवाई के आदेश दिए। जलआपूर्ति और बिलिंग से जुड़ी शिकायतों पर डीजेबी को व्यवस्था सुधारने को कहा गया। मंत्री ने कहा कि सीवर नेटवर्क बढ़ाने और नालों की समय से सफाई की व्यवस्था चल रही है, ताकि बारिश में जलभराव न हो। सड़कों की मरम्मत, बिजली के खंभों को हटाने और तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए गए। डार्क स्पॉट्स पर स्ट्रीट लाइट लगाने और कानून-व्यवस्था मजबूत करने को कहा है।