खुली जगहों व सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फैलाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को जोन-3 क्षेत्र में सफाई निरीक्षक सुधीर कुमार तथा जूनियर इंजीनियर देवेंद्र ने 9 व्यक्तियों के चालान किए।
टीम ने अभियान के तहत महरोली रोड व सेक्टर-44 इंस्टीट्यूशनल एरिया का दौरा किया तथा जिन पान के खोखा संचालकों, रेहड़ी-पटरी सहित ढ़ाबा संचालकों द्वारा सड़क पर कचरा फैलाया जा रहा था, उनके चालान काटकर उन्हें ऐसा न करने की हिदायत भी दी।
टीम ने कहा कि खुले में इधर-उधर कचरा डालने से शहर गंदा होता है और इससे सफाई व्यवस्था बरकरार नहीं रह पाती, इसलिए खुले में कचरा डालकर शहर को गंदा न करें।
उल्लेखनीय है कि नगर निगम आयुक्त टीएल सत्यप्रकाश के निर्देश पर सफाई निरीक्षकों द्वारा अपने-अपने जोन में निरीक्षण के दौरान खुले में कचरा फैलाने वालों के चालान काटने का अभियान पिछले काफी दिनों से जारी है। निगमायुक्त के अनुसार गुडग़ांव को स्वच्छ, सुंदर व बेहतरीन शहर बनाने में शहरवासियों का योगदान बहुत ही जरूरी है। इसके लिए कोई भी व्यक्ति इधर-उधर कचरा न फैलाएं और दूसरे को भी ऐसा करने से रोकें।