सील की गई द्वारका से पालम गांव जाने वाली सड़क...
- फोटो : अमर उजाला
लॉकडाउन-2 में सख्ती में और ज्यादा हो गई है। हॉटस्पॉट के अलावा दिल्ली की बाकी कॉलोनियों को भी सील किया जा रहा है। कॉलोनियों के सभी रास्ते बंद कर दिए गए हैं। कॉलोनियों से बाहर आने व जाने का एक ही रास्ता खुला रखा गया है। इस रास्ते पर भी सघन जांच के बाद ही लोगों को आने-जाने दिया जा रहा है। पालम, महावीर एन्क्लेव, अलकनंदा, कालकाजी, जनकपुरी, सागरपुर, बिंदापुर समेत दिल्ली की अधिकतर कॉलोनियों की गलियों में भी बैरिकेडिंग कर दी गई है।
हालात पर नजर रखने के लिए पुलिस कर्मियों के साथ साथ एनसीसी, होमगार्ड के अलावा स्वयंसेवी भी मुस्तैद हैं। बगैर मास्क चलने या नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्ती की जा रही है ताकि दोबारा ऐसी गलती न करें। लगातार लोगों को हिदायत दी जा रही है कि गैर जरूरी काम से कतई बाहर न निकलें।
सर्विस रोड भी किया बंद
पालम से द्वारका की ओर से आने वाली सड़क पर भी बैरिकेड लगा दिए गए हैं। इस दौरान सर्विस रोड पर एक जगह तो ई रिक्शा आपस में जोड़ दिए गए तो कुछ जगहों पर बैरिकेड पर वेल्डिंग कर दी गई ताकि सील न खुल सके। जरूरी उत्पाद लेकर जाने वाले वाहनों को जाने दिया जा रहा है।
पुरानी दिल्ली में सैनिजाइजेशन का काम तेज
उत्तरी नगर निगम ने पुरानी दिल्ली के सदर बाजार समेत अन्य इलाकों में सैनिटाइजेशन का काम तेज कर दिया है। साथ ही सामाजिक दूरी का पालन करने के लिए निगम जगह-जगह घेरे बना रहा है। स्थायी समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश ने बताया कि उत्तरी निगम तीन एस के फार्मूले पर काम कर रहा है। इसमें स्वच्छता, सैनिटाइजेशन व सामाजिक दूरी का ध्यान रखा जा रहा है। निगम प्रमुख मार्केट से लेकर प्रमुख स्थानों पर सामाजिक दूरी के लिए चिह्न बना रहा है ताकि कोरोना का संक्रमण नहीं फैल सके।