रेहड़ी पटरी फेरी कामगार यूनियन द्वारा अपनी मांगों को लेकर रेहड़ी, पटरी व फेरी वालोें ने बुधवार को शहर के कमला नेहरु पार्क में एक बैठक की। इसके बाद सभी ने प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि पुलिस और प्रशासन छोटे दुकानदारों को लगातार परेशान कर रही है। बैठक की अध्यक्षता सुरेंद्र सिंह ने की।
यूनियन की बैठक में एमजी रोड, हुडा सिटी सेंटर, इफ्को चौक मेट्रो स्टेशन व सोहना रोड से आए विक्रेता मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि पुलिस, नगर निगम, हुडा प्रशासन, एचएसआईआईडीसी व राजनीतिक संरक्षण प्राप्त गुंडे छोटे दुकानदारों को पिछले काफी समय से परेशान कर रहे हैं। ऐसे में गरीब आदमी को अपनी रोजी-रोटी कमाने के लिए काफी परेशानी हो रही है। शोषण व परेशान करने का सिलसिला दिनों दिन बढ़ता जा रहा है।
योगेश कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार ने पथ विक्रेताओं के लिए कानून बना रखा है। प्रशासन उसका पालन करवाने में लगातार असमर्थ साबित हो रहा है। इसके कारण गरीब आदमी अपने परिवार को भरण-पोषण नहीं कर पा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस और गुंडों द्वारा छोटे दुकानदारों से हफ्ता वसूला जाता है। बैठक में कहा कि अब प्रशासन ने गुरुग्राम के विभिन्न इलाकों में नॉन वेंडिंग जोन घोषित कर दिया है। इससे हजारों लोग बेरोजगार हो जाएंगे। छोटे दुकानदारों को उजाड़ने से पहले प्रशासन को उनके पुनर्वास की सुविधा देनी चाहिए।
इन समस्याओं से निजात की मांग
-छोटे दुकानदारों ने अवैध वसूली व उत्पीड़न पर लगे रोक।
-नगर निगम द्वारा बिना टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक के नॉन वेंडिंग जोन घोषित करके छोटे दुकानदारों को किया गया बेरोजगार। इससे दिलाई जाए राहत।
-अतिक्रमण के नाम पर नगर निगम द्वारा रेहड़ियों के सामान किए जा रहे जब्त।
-नगर निगम द्वारा जब्त किया गया सामान पूरा नहीं देना।
-स्ट्रीट वेंडिंग मार्केट विकसित करने के नाम पर उत्पीड़न हो बंद।
-स्ट्रीट वेंडिंग मार्केट में रेहड़ी देने के नाम पर एकमुश्त कीमत वसूल नहीं किया जाए।
-वर्ष 2014 के पुराने सर्वे की रिपोर्ट के अनुसार रेहड़ी दी जाए, अभी ऐसा नहीं हो रहा है।
-छोटे दुकानदारों से 1500 रुपये की जबरत वसूली करना।