बुराड़ी में 11 लोगों की मौत मिस्ट्री
- फोटो : अमर उजाला
1 जुलाई, 2018 को एक साथ 11 लोगों ने लगा ली थी फांसी...
बुराड़ी, संतनगर, गली नंबर-2 के मकान नंबर-137 में एक जुलाई 2018 सुबह के समय पड़ोसी पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। घर में बुजुर्ग नारायणी देवी (77), उनकी बेटी प्रतिभा (57), प्रतिभा की बेटी प्रियंका (33), नारायणी के दो बेटे भावनेश भाटिया (50), ललित भाटिया (45), भावनेश की पत्नी सविता (48), उसके तीन बच्चे मीनू (23), निधि (25), ध्रुव (15), ललित की पत्नी टीना (42) और उसका बेटा शिवम (15) फंदे पर लटके थे। दो लोगों को छोड़कर सभी के हाथ-पैर बंधे हुए थे।
आंखों पर पट्टी बंधी थी, उसमें रुई भी लगी हुई थी। पूरे परिवार की संदिग्ध हालात में फंदे पर लटकने से मौत हुई थी। संदिग्ध लगने पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई थी। क्राइम ब्रांच को घर में लिखे कुछ रजिस्टर व अन्य कागज मिले थे।
उसके आधार पर इन लोगों को लगता था कि घर में ललित और भावनेश की पिता की आत्मा आती है। कथित रूप से मोक्ष प्राप्त करने के लिए घर में अनुष्ठान किया गया। इन लोगों को लगता था कि ऐसा करने से कोई मरेगा नहीं। लेकिन फंदे पर लटकने से सभी की मौत हो गई थी।