फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अफगान और भारतीय छात्रों में पथराव, विश्वविद्यालय में पीएसी तैनात

Fri, 05 Oct 2018 04:46 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नोएडा
विज्ञापन
शारदा यूनिवर्सिटी
विज्ञापन

नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित शारदा विश्वविद्यालय में सोमवार को अफगान व भारतीय छात्रों में हुई भिड़ंत बृहस्पतिवार को बड़े बवाल में तब्दील हो गई। दोनों गुटों के  छात्रों के बीच हुई मारपीट और पथराव में कई घायल हो गए। इस दौरान एक कश्मीरी छात्र एहतेशाम को अफगान समझकर बुरी तरह पीट दिया गया। विवाद को रोकने में जुटे एसओ समेत कई पुलिसकर्मी और विवि के सुरक्षाकर्मी चोटिल हो गए। परिसर में पुलिस और पीएसी तैनात कर विश्वविद्यालय को रविवार तक के लिए बंद कर दिया गया है साथ ही बाहरी तत्वों के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है।  

विज्ञापन


विवि में सोमवार को अफगान और भारतीय छात्रों में मारपीट के बाद विवि प्रबंधन ने मामले को शांत करा दिया था। जबकि भारतीय छात्र आरोपी विदेशी छात्रों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। मंगलवार रात एक बार फिर दोनों गुटों के बीच मारपीट हुई थी। उस दौरान एसपी देहात विनीत जायसवाल एवं पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रण में की। जिसके बाद तीन अफगान छात्रों को निलंबित कर दिया गया। हालांकि छात्रों का एक गुट इस कार्रवाई से भी संतुष्ट नहीं था। वह लगातार एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रहा था। विवि में छात्रों के दोनों गुटों में पनप रहा आक्रोश बृहस्पतिवार सुबह एक बार फिर फूट पड़ा। 

भीड़ ने पुलिस और सुरक्षाकर्मियों को भी नहीं बख्शा        
झगड़े की सूचना पर नॉलेज पार्क, कासना, ग्रेटर नोएडा, सूरजपुर आदि थानों की पुलिस फोर्स व पीएसी विवि परिसर में भेजी गई। पुलिस व विवि के सुरक्षाकर्मियों ने झगड़ा कर रहे छात्रों की भीड़ को हटाने का प्रयास किया। इसमें एसओ ग्रेटर नोएडा धर्मेंद्र शर्मा व कुछ अन्य पुलिसकर्मी व सुरक्षाकर्मी भी चोटिल हो गए। वहीं नॉलेज पार्क थाना प्रभारी अरविंद पाठक के अंगुठे में चोट लग गई उनकी वर्दी पर लगी नेम प्लेट भी कहीं गिर गई है। बाद में पुलिस व सुरक्षाकर्मियों ने मिलकर छात्रों को हॉस्टल में बंद कर मामले को शांत कराया। 
विज्ञापन


तीन छात्र निलंबित, 10 को कारण बताओ नोटिस 
पूरे प्रकरण में तीन अफगान छात्रों को निलंबित किया गया है जबकि दोनों गुटों के पांच-पांच छात्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। छात्रों को इस कार्रवाई की जानकारी नहीं थी। इसके चलते वह हंगामा कर रहे थे। कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद वह शांत हो गए हैं। केवल एक कश्मीरी छात्र चोटिल हुआ है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, विवि में शांति है। - अजीत कुमार, संयुक्त उपकुलपति, शारदा विश्वविद्यालय  

कमेटी गठित, जांच पूरी होने तक विवि रहेगा बंद : सीओ  
विवि प्रबंधन, छात्रों और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत के बाद एक कमेटी गठित कर प्रकरण की जांच कराने का निर्णय लिया गया है। जांच के लिए रविवार तक का समय मांगा गया है। जांच पूरी होने तक विवि बंद रहेगा और रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी। - अमित किशोर श्रीवास्तव, सीओ ग्रेटर नोएडा प्रथम  

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें