कविनगर की कोठी संख्या केबी-45 में फर्जी दूतावास चलाने वाले हर्षवर्धन जैन से एसटीएफ एडिशनल एसपी के मिश्रा ने घंटों पूछताछ की। हर्षवर्धन ने फर्जी कंपनियों और दूतावास से जुड़ी कुछ फाइलें दिल्ली के रोहिणी क्षेत्र स्थित जहांगीरपुरी में रखी होने की बात स्वीकार की है। एक टीम दिल्ली रवाना हुई और बताए पते से अहम दस्तावेज बरामद किए हैं। शुक्रवार को भी टीम फर्जी राजदूत हर्षवर्धन से पूछताछ करेगी।
कविनगर थाने पहुंचे एसटीएफ के अतिरिक्त एसपी ने हर्षवर्धन से दोपहर 12 बजे पूछताछ शुरू की। बंद कमरे में करीब पांच घंटों तक एसपी ने पूछताछ की और मोबाइल पर लिखे मैसेज और विदेशों से उसके खाते में आई धनराशि की बाबत जानकारी ली। साथ ही कुछ अन्य लोगों से खाते में आई धनराशि की बाबत पूछताछ की गई।
हर्षवर्धन ने टीम को जानकारी दी कि फर्जी दूतावास और उसकी विदेशी यात्राओं की जानकारी का ब्याेरा कुछ फाइलों में है। यह फाइल दिल्ली के रोहिणी क्षेत्र स्थित जहांगीरपुरी में किराये के मकान में रखी हैं। बताया कि जहांगीरपुरी में उसकी ससुराल है और उन्होंने ही एक छोटा सा मकान अपने आवास के नजदीक किराये पर दिलाया था।
पूछताछ में यह भी उजागर किया कि पिता से जुड़े मार्बल्स के कारोबार के चलते वह वर्ष 2000 में विदेश यात्रा पर गया था। करीब पांच घंटों तक चली पूछताछ के दौरान एसपी ने एक टीम दिल्ली के लिए रवाना की। देर शाम मिली जानकारी के अनुसार जहांगीरपुरी से भी फर्जी राजदूत और दूतावास से संबंधित कुछ दस्तावेज बरामद हुए हैं।
एसटीएफ को कुछ ऐसे लोगों की बाबत जानकारी हुई है कि जो दक्षिण भारत और एनसीआर क्षेत्र के हैं और हर्षवर्धन से जुड़े हैं। कुछ ऐसे लोगों की भी जानकारी हुई है जो विदेशी संस्थाओं के पदाधिकारी मनोनीत होने की एवज में हर्षवर्धन को धनराशि दी है।
बृहस्पतिवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे एडिशनल एसपी हर्षवर्धन से पूछताछ कर नोएडा लौट गए। बताया गया कि शुक्रवार को रिमांड के चौथे दिन भी एसटीएफ और कविनगर पुलिस फर्जी राजदूत से पूछताछ करेगी।