सुप्रीम कोर्ट और सीबीआई के निर्देश पर एसटीएफ गौतमबुद्धनगर की टीम ने एक लाख के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी साथियों संग मिलकर अश्लील विडियो बनाकर इंटरनेट पर अपलोड करने के मामले में करीब एक साल से वांछित था।
एसटीएफ ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सीबीआई को सौंप दिया है। सीओ एसटीएफ राजकुमार मिश्रा ने बताया कि हैदराबाद की प्रज्वला स्वयं सेवी संस्था द्वारा 27 फरवरी, 15 को 12 अश्लील विडियो क्लिप के साथ सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दाखिल की गई थी।
सुप्रीम कोर्ट ने इसकी जांच सीबीआई को सौंप दी थी। इस संबंध में सीबीआई ने आठ अपराध पंजीकृत किए थे। इनमें से एक मामले का अनावरण नहीं हुआ था जिसका खुलासा करने के लिए सीबीआई ने निर्देश दिया था।
इस पर तुरंत कार्रवाई कर टीम का गठन करके मुखबिर सक्रिय किए गए। आरोपी की फोटो के आधार पर मुखबिर की सूचना पर पता चला कि बदमाश का नाम सुमित है।
संबंधित वीडियो क्लिप सुमित को दिखाई गई
वह गांव सिकंद्रपुर थाना भोपा, जिला मुजफ्फरनगर का रहने वाला है। आरोपी की पुष्टि होने के बाद टीम ने रविवार को उसे घर से पकड़ लिया। एनजीओ द्वारा सुप्रीम कोर्ट में सौंपे गए संबंधित वीडियो क्लिप सुमित को दिखाई गई तो उसने इनकी पुष्टि कर दी।
उसने बताया कि क्लिप बडगांव जनपद सहारनपुर में बनाई गई थी। इस क्लिप को बनाने और इंटरनेट पर अपलोड करने के आरोप में एसटीएफ ने बडगांव निवासी संजय, नीरज कुमार, अनुज, विनोद, राजेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसपी एसटीएफ के मुताबिक सीबीआई के निर्देश पर एक लाख के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर किसी युवती का रेप करने और उसका विडियो बनाकर इंटरनेट पर अपलोड करने का मामला था।
यह पूरी तरह से ब्लाइंड केस था, जिस विडियो क्लिप से आरोपी की पहचान हुई है, उसमें पीड़िता, अपराधी, घटना की तिथि व समय और घटनास्थल किसी को भी ज्ञात नहीं था। इसमें एसटीएफ को सफलता मिली है।