लंबे इंतजार के बाद प्रताप विहार स्थित गंगाजल प्लांट से नोएडा को अतिरिक्त गंगाजल की सप्लाई रविवार को शुरू कर दी गई। फिलहाल प्लांट के दो पंप चलाकर महज 50 से 55 क्यूसेक गंगाजल दिया गया।
दूसरी ओर शनिवार को जीडीए ने फिर से पाइप लाइनों का ट्रायल किया तो कई जगह पर नए लीकेज हो गए। इन लीकेज को रिपेयर कर अब सोमवार से जीडीए की इंदिरापुरम कालोनी में गंगाजल सप्लाई किया जा सकता है।
नोएडा और टीएचए को दिवाली पर अतिरिक्त गंगाजल सप्लाई किया जाना था। 100 क्यूसेक क्षमता वाले इस प्लांट से 80 क्यूसेक नोएडा, 15 क्यूसेक जीडीए की इंदिरापुरम कालोनी को और 5 क्यूसेक गंगाजल सिद्धार्थ विहार को दिया जाना है।
नोएडा और टीएचए में डाली गई पाइप लाइन बार-बार लीकेज हो जाने से अभी कालोनियों को अतिरिक्त गंगाजल की सप्लाई नहीं मिल सकी थी। गंगाजल प्लांट के प्रभारी व जल निगम के अधिशासी अभियंता आरके अग्रवाल ने बताया कि नोएडा ने लीकेज पाइप लाइन को रिपेयर कर लिया है।
रविवार सुबह साढ़े 11 बजे नोएडा को 50-55 क्यूसेक गंगाजल सप्लाई शुरू की गई। शाम के समय पावर कट की वजह से कुछ देर सप्लाई बंद रही। इस दौरान नोएडा की पाइप लाइन में लीकेज नहीं आए। उन्होंने बताया कि जीडीए अधिकारियों ने सोमवार तक पाइप लाइन ठीक करके गंगाजल लेने की उम्मीद जताई है।