दिल्ली विश्वविद्यालय के नामी कॉलेज सेंट स्टीफंस ने 11 पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए कट ऑफ लिस्ट जारी कर दी है। सबसे अधिक 98.5 फीसदी कट ऑफ इको ऑनर्स व अंग्रेजी की रही है। जहां बीते साल के मुकाबले ईको ऑनर्स की कट ऑफ का ग्राफ बढ़ा है वहीं अंग्रेजी ऑनर्स समेत अन्य कई कोर्स की कट ऑफ में गिरावट आई है।
कट ऑफ में सभी कोर्सेज में गिरावट की बात की जाए तो यह गिरावट 0.25 फीसदी से लेकर 10 फीसदी तक की है। सबसे अधिक 10 फीसदी की गिरावट संस्कृत ऑनर्स में देखने को मिली है। जानकारों के मुताबिक, विद्यार्थियों के कम अंक आने का असर कट ऑफ पर देखा जा रहा है।
कॉमर्स स्ट्रीम के छात्रों के लिए इस बार इको की कट ऑफ 98.5 फीसदी रही है। साइंस व कॉमर्स स्ट्रीम के छात्रों के लिए कट ऑफ में 0.25 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। जबकि ऑर्ट्स स्ट्रीम वालों के लिए यह बढ़ोतरी 0.75 फीसदी है।
कॉलेज में बीते साल कॉमर्स स्ट्रीम वाले छात्रों के लिए अंग्रेजी की कट ऑफ 99 फीसदी रही थी जो कि इस बार 0.5 फीसदी लुढ़क कर 98.5 पर जा पहुंची है। इसी तरह आर्ट्स स्ट्रीम वाले छात्रों के लिए यह गिरावट 0.25 जबकि साइंस स्ट्रीम के लिए कट ऑफ बीते साल की तरह 98 फीसदी है।
हालांकि इस कोर्स में एसटी श्रेणी के तहत तीनों स्ट्रीम वालों के लिए कट ऑफ में 1.5 फीसदी से लेकर 2 फीसदी तक बढ़ोतरी देखी जा रही है।