पूरे मैच में राजस्थान लायंस ने कुल 32 अंक हासिल किए। मगध वॉरियर्स ने बेहतरीन टक्कर देते हुए कुल 30 अंक हासिल किए, जिसमें वह जीतने से महज दो अंक पीछे रह गए। बताते चलें कि तीन दिवसीय इस लीग में अलग-अलग महाविद्यालयों से कुल 78 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, जिनमें कुल छह टीमें शामिल थीं। इनमें मगध वॉरियर्स, मराठा स्ट्राइकर्स, पंजाब पैंथर्स, राजस्थान लायंस, तमिल टाइगर्स और अवध फाइटर्स शामिल थे। खेल की शुरुआत मशाल जलाकर की गई। मुकाबला खत्म होने के बाद खेल देखने पहुंचे अतिथियों और खिलाड़ियों के मनोरंजन के लिए संगीत की प्रस्तुति की गई।
कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ. कुलजीत कौर, अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित जगसीर सिंह, खो-खो चैंपियन्स के फाउंडर प्रिंस राज और कॉलेज के विद्यार्थी शामिल रहे। हौसला बढ़ाते हुए जगसीर सिंह ने कहा कि आप लोग खूब मेहनत कीजिए, ताकि आप लोग अपने देश के लिए खेल सके और दुनिया भर में देश का नाम रोशन कर सकें।
पहले दिन के मुकाबले
दिल्ली विश्वविद्यालय के एसआरसीसी कॉलेज में तीन दिवसीय चलने वाले इस खेल में पहले दिन कुल चार मुकाबले खेले गए, जिसमें से एक मुकाबला बराबरी पर खत्म हुआ। खेल की शुरुआत सांस्कृतिक कार्यक्रम और मशाल जलाकर की गई। इस दौरान विभागाध्यक्ष डॉ. कुलजीत कौर, उप-प्रधानाचार्य प्रो. अरुण झा, मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय शतरंज खिलाड़ी वंतिका अग्रवाल और विशिष्ट अतिथि के रूप में निर्मला भाटी मौजूद रहीं।
बताते चलें कि इस चैंपियनशिप में कुल छह टीमों ने हिस्सा लिया। इसमें मगध वॉरियर्स, मराठा स्ट्राइकर्स, पंजाब पैंथर्स, राजस्थान लायंस, तमिल टाइगर्स और अवध फाइटर्स शामिल हैं। पहला मुकाबला पंजाब पैंथर्स और मराठा स्ट्राइकर्स के बीच खेला गया। इस मुकाबले में मराठा स्ट्राइकर्स ने एक अंक से जीत हासिल की। मराठा स्ट्राइकर्स ने मुकाबले में 15 अंक, जबकि चुनौती देते हुए पंजाब पैंथर्स ने 14 अंक हासिल किए थे।
दूसरा मुकाबला मगध वॉरियर्स और राजस्थान लायंस के बीच खेला गया। इसमें मगध वॉरियर्स ने तीन अंक से जीत दर्ज की। मगध वॉरियर्स ने 23 अंक प्राप्त किए, जबकि राजस्थान लायंस ने 20 अंक हासिल किए। इसके अलावा तीसरा मुकाबला अवध फाइटर्स और तमिल टाइगर्स के बीच हुआ। इसमें अवध फाइटर्स ने चार अंक की बढ़त से बाजी मारी। उसने 20 अंक दर्ज किए, जबकि तमिल टाइगर्स 16 अंक ही हासिल कर सके। वहीं, चौथा मुकाबला पंजाब पैंथर्स और मगध वॉरियर्स के बीच खेला गया। यह मुकाबला 19-19 के साथ बराबरी पर समाप्त हुआ।
दूसरे दिन के मुकाबले
मंगलवार को दूसरे दिन सुबह आठ बजे से मुकाबले शुरू हुए। दिनभर में 10 राउंड मैच खेले गए, जबकि समयाभाव के कारण एक मैच 15 अक्तूबर के लिए स्थगित किया गया। तमिल टाइगर्स, अवध फाइटर्स, राजस्थान लायंस, मराठा स्ट्राइकर्स और मगध वॉरियर्स ने अपने-अपने राउंड में जीत दर्ज की।
पहले राउंड में तमिल टाइगर्स ने मराठा स्ट्राइकर्स को, अवध फाइटर्स ने राजस्थान लायंस को, तमिल टाइगर्स ने मगध वॉरियर्स को दो अंकों से हराकर जीत हासिल की। वहीं, राजस्थान लायंस ने पंजाब पैंथर्स को 18 अंकों से और मराठा स्ट्राइकर्स ने अवध फाइटर्स को 12 अंकों से हराकर जीत हासिल की।
इसके अलावा, दूसरे राउंड में तमिल टाइगर्स ने पंजाब पैंथर्स चार अंकों, मगध वॉरियर्स ने अवध फाइटर्स को 20 अंकों, मगध वॉरियर्स ने मराठा स्ट्राइकर्स को 18 अंकों से हराकर जीत हासिल की। वहीं, राजस्थान लायंस ने मराठा स्ट्राइकर्स और पंजाब पैंथर्स ने अवध फाइटर्स को दो अंकों से हराकर जीत हासिल की।