साइबर सिटी में गणेशोत्सव की धूम है। हर आयोजन स्थल पर भक्तिपूर्ण रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
सुबह-शाम मंगलमूर्ति गणेश भगवान की पूजा-अर्चना और आरती में सैकड़ों श्रद्धालु जुट रहे हैं। पांडालों में बच्चों और महिलाओं के लिए विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं कराई जा रही हैं।
शहर के सार्वजनिक गणेशोत्सव समिति की ओर से डीएलएफ फेज-2 स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित उत्सव में अभय माणके द्वारा युग पुरुष की प्रस्तुति दी गई।
यहां सैकड़ों भक्तों ने इसका आनंद उठाया। यहां गणपति वंदना के लिए दोनों समय लोग पहुंच बप्पा का आर्शीवाद प्राप्त कर रहे हैं।
गौरी शंकर मंदिर सेक्टर-9ए में लोकमान्य गणेशोत्सव समिति द्वारा आयोजित गणेशोत्सव में बुधवार रात चित्रकला स्पर्धा व महिला मेला का कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।
वैश्य समाज धर्मशाला सेक्टर-4 में सहयाद्री सार्वजनिक गणेश उत्सव समिति के कार्यक्रम में महिलाओं ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर सभी का दिल जीता।
नर्मदा वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से सेक्टर-4 में आयोजित गणेशोत्सव में बच्चों के लिए फन विद नंबर का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष गोपाल मदारे ने बताया कि घुंघरू डांस ग्रुप की ओर से बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने सभी का दिल जीता। मराठी समुदाय के लोगों में इसे लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है। वैसे लोगों ने अपने घरों में भी गणपति की स्थापना की है।