संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। नूंह रोड पर सेंट एंथनी कॉन्वेंट स्कूल (कारना) के सामने तेज रफ्तार कार ने तीन वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपती समेत तीन लोग घायल हो गए। शहर थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है। शहर थाना प्रभारी नरेंद्र राणा के अनुसार नूंह जिले के गांव आलदोका निवासी कुंवर चंद अपनी पत्नी राजेश के साथ 17 जुलाई की दोपहर बाइक से पलवल से गांव लौट रहे थे। आरोप है कि सामने से तेज गति से आ रही सफेद रंग की ऑरा कार ने पहले एक अन्य बाइक को टक्कर मारी, इसके बाद उनकी बाइक से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद कार ने एक नेक्सॉन कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे में कुंवर चंद, उनकी पत्नी राजेश और एक अन्य व्यक्ति राजन घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। गंभीर चोटों के कारण दंपती बयान देने की स्थिति में नहीं थे। चिकित्सकों से फिट घोषित होने के बाद पुलिस ने उनका बयान दर्ज किया। पुलिस ने कार के चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।