अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
आगामी त्योहारी सीजन के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने दिल्ली जंक्शन और शामली के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन विशेष रेल सेवा 2 से 13 अगस्त तक संचालित होगी। रेलवे के अनुसार, इस विशेष ट्रेन के संचालन से दिल्ली, शाहदरा, बागपत, बड़ौत, कांधला और शामली सहित मार्ग के विभिन्न स्टेशनों के यात्रियों को राहत मिलेगी। ट्रेन संख्या 04401 दिल्ली जंक्शन से प्रतिदिन रात्रि 1:30 बजे प्रस्थान करेगी और विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव करते हुए सुबह 4:40 बजे शामली पहुंचेगी। वहीं, वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 04402 शामली से सुबह 6 बजे रवाना होकर सुबह 8:55 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी। ट्रेन में सामान्य श्रेणी के कोच लगाए गए हैं, जिससे रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और त्योहार पर अपने घर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।