दिल्ली मेट्रो रेल का किराया नगर निगम चुनाव के बाद बढना तय माना जा रहा है। लेकिन शहरी विकास मंत्रालय की तरफ से गठित चौथी किराया निर्धारण समिति ने न्यूनतम किराया 10 रुपये व अधिकतम 50 रुपये करने की जो सिफारिश दी है, उसमें किराया वृद्धि के साथ-साथ राहत की सिफारिश भी दी है।
ऑफ पीक ऑवर, रविवार और राष्ट्रीय अवकाश के दिन किराए में विशेष छूट मिलेगी। इससे यात्रियों को जहां कम किराए में यात्रा सुविधा मिलेगी। पीक ऑवर में भीड़ घटने की संभावना के अलावा मेट्रो ऑफ पीक ऑवर व छुट्टी के दिन खाली भी नहीं चलेगी।
समिति ने जनवरी, 2019 से महंगाई सूचीकांक से जुड़े फार्मूले के हिसाब से अधिकतम 7 फीसदी सालाना किराया वृद्धि की सिफारिश भी की है। अमर उजाला के पास मौजूद कमेटी रिपोर्ट के अनुसार अगर आप मेट्रो कार्ड धारक हैं तो ऑफ पीक ऑवर में यात्रा करने पर 10 फीसदी की अतिरिक्त छूट मिलेगी। मसलन 10 फीसदी की जगह 20 फीसदी सस्ते में यात्रा कर सकेंगे।
वहीं राष्ट्रीय अवकाश(गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस और गांधी जयंती) और रविवार को किराए में टोकन या स्मार्टकार्ड से यात्रा करने में 20 फीसदी से 50 फीसदी तक कम किराए में यात्रा मिलेगी।
2 किमी से 12 किमी तक की यात्रा महज 10 रुपये किराए पर कर सकेंगे तो अधिकतम 50 रुपये की जगह 40 रुपये होगा। सिफारिश को मंजूरी मिलने के बाद मेट्रो को ऑपरेशन सिस्टम में बदलाव के लिए 9 महीने का समय दिया जाएगा।