पिनंगवा।
क्षेत्र में चल रहे विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों का भी अच्छा सहयोग मिल रहा है। अभियान के तहत बूथ स्तर पर मतदाताओं को प्रपत्र वितरित कर उन्हें सही तरीके से भरने के लिए जागरूक किया जा रहा है। अधिकांश क्षेत्रों में कार्य संतोषजनक गति से आगे बढ़ रहा है। स्थानीय निवासी राशिद ने बताया कि उनके क्षेत्र के बूथों पर अधिकारी सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं और अब तक 60 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।
क्षेत्रीय सुपरवाइजर के अनुसार पिनंगवा और हिंगनपुर के नौ बूथों पर सभी पात्र मतदाताओं को प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। कर्मचारियों द्वारा फॉर्म भरने की प्रक्रिया भी समझाई जा रही है। अशिक्षा और जागरूकता की कमी के कारण कुछ लोगों को दिक्कत आ रही है, जिन्हें व्यक्तिगत रूप से, व्हाट्सएप और ग्रामीण बैठकों के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लगभग 30 प्रतिशत कार्य शेष है और अभियान को समय पर पूरा करने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की मांग की गई है।