-सामाजिक न्याय, कल्याण का बजट 12.5 फीसदी बढ़ा
-सहकारिता, दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों के लिए अहम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। समाज कल्याण विभाग मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह ने केंद्रीय बजट को विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के लिए अहम बताया है। उन्होंने कहा कि ये बजट सामाजिक न्याय, समावेशी विकास और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण पर केंद्रित है। सचिवालय में प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री ने बताया कि सामाजिक न्याय और कल्याण से जुड़े क्षेत्रों के लिए बजट में करीब 12.5 फीसदी बढ़ोतरी हुई है। इसके लिए करीब 14,800 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को सीधा लाभ मिलेगा। अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्रों और युवाओं के लिए 9,200 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है। इससे शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे। दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए करीब 1,350 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है, जिससे सहायक उपकरण, प्रशिक्षण और रोजगार से जुड़ी योजनाओं को मजबूती मिलेगी। वरिष्ठ नागरिकों के लिए केयर सिस्टम को मजबूत करने पर भी जोर है।