गुरु द्रोणाचार्य की धरती गुडग़ांव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा का मशहूर चूरमा और जलेबा का स्वाद चखेंगे। मोदी की मेहमाननवाजी में स्पेशल हरियाणावी देसी डिश पेश की जाएगी। एक नवंबर को होने वाले हरियाणा स्वर्ण जयंती समारोह के मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री के लिए खुद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणवीं खाने का मेन्यू तैयार किया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय से मिली हिदायतों के अनुसार हरियाणा सरकार ने प्रधानमंत्री के रात के भोजन की मेन्यू तैयार कर लिया है। मोदी विशुद्ध शाकाहारी हैं और वह कम तेल व कम मसाले वाले भोजन पसंद करते हैं, लेकिन हरियाणा की कहावत %देसां में देस हरियाणा, जित दूध-दही का खाणा’ की झलक मोदी के खाने में देखने को मिलेगी।
मोदी के खाने में घी और मसाले का भरपूर समायोजन होगा। मोदी के रात के भोजन में स्पेशल हरियाणवीं डिश परोसा जाएगा। इसमें बथुआ का रायता, बेसन मसाला रोटी, भूरा रोटी घी, मिक्स दाल, बाजरा आलू रोटी, सिंगरी की सब्जी, हरा धनिया छोला, मिक्स दाल, टमाटर की चटनी, खीर और मलपुआ को प्रमुखता से शामिल किया गया है।
इसके अलावा खाने में अपनी सूगंध के मशहूर बासमती चावल से बना जीरा राइस के साथ दाल, तवा रोटी, प्लेन दही, मिक्स्ड कट फ्रूट, मिक्स्ड वेजीटेबल सूप के अलावा दो तरह की सब्जियां परोसी जाएंगी।