पुलिस ने सपा नेताओं को लौटाया वापस
- फोटो : अमर उजाला
दीपिका पादुकोण अभिनीत फिल्म छपाक को लेकर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। 10 जनवरी को यह फिल्म देशभर के थियेटर में रिलीज हुई और फिल्म को लोगों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है, लेकिन देश में कई जगह पर इस फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान बवाल भी हुआ।
ऐसा ही कुछ नोएडा के स्पाइल मॉल में हुआ जब शुक्रवार सुबह सपा नेताओं का एक दल फिल्म देखने पहुंचा। समाजवादी पार्टी के यूथ ब्रिगेड, प्रदेश सचिव विकास यादव का कहना है कि पार्टी ने तय किया है कि जो लोग यह फिल्म देख पाने में सक्षम नहीं हैं, हम उन्हें फिल्म छपाक की टिकट देंगे ताकि वो इसे देख सकें।
विकास का आरोप है कि हम स्पाइस सिनेमा पहुंचकर लोगों को टिकट बांट ही रहे थे कि इतने में पुलिस आ गई और कहा कि आप लोग टिकट नहीं देखोगे। तब विकास ने पूछा कि फिल्म क्यों नहीं देख सकते तो पुलिस ने कहा कि आप लोग समूह में आए हैं इसलिए आप फिल्म नहीं देख सकते।
विकास का आरोप है कि उन्होंने पुलिस से ये भी कहा कि हम तो फिल्म देखने आए हैं दंगा करने नहीं फिर भी हमारी एक न सुनी गई और हमें बाहर कर दिया। हमारे साथ ही आम लोगों को भी परेशान किया गया। विकास के साथ फिल्म देखने अन्य कार्यकर्ता जैसे बबलू चौहान, ओमपाल राणा, बीरबल प्रधान, मोनू पंडित व अन्य लोगों को भी फिल्म देखने नहीं दिया गया।