श्रम विभाग ने बृहस्पतिवार को साइकिल सहायता एवं अन्य लाभ वितरण योजना के तहत निर्माण श्रमिकों को साइकिलें और लाखों रुपये के अन्य लाभ सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में वितरित किए। मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के श्रम और सेवायोजन मंत्री शाहिद मंजूर ने साइकिलें बांटीं।
खास बात यह रही कि बेहद कम लोग ही थे जो उन साइकिलों पर घरों के लिए रवाना हुए। ज्यादातर कारों, बाइक और अन्य वाहनों पर इन्हें लादकर ले गए। ऐसे लोग भी साइकिल ले जाते हुए दिखाई दिए जो पढ़े-लिखे और संपन्न दिखाई दे रहे थे।
सवाल यह उठता है कि क्या जिन श्रमिकों को वास्तव में इन साइकिलों को जरूरत है, उन्हीं तक यह पहुंची हैं या फिर बड़ी संख्या में ऐसे लोगों के हाथ साइकिलें लगी हैं जिनके पास कारें, बाइक, ट्रैक्टर, टैंपो, ऑटो और अन्य वाहन हैं।