दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने 10 दिन में पॉलीथिन की थैलियों का इस्तेमाल रोकने के लिए व्यापारियों, स्टॉकिस्ट और दुकानदारों पर कार्रवाई की। सभी जोन में की गई कार्रवाई के दौरान 3800 किलोग्राम थैली जब्त की गई। 350 चालान किए और 8.10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
590 संपत्तियों का निरीक्षण किया गया, ताकि वहां रखे गए पॉलीथिन बैग की मात्रा का आंकलन कर उन पर कार्रवाई की जा सके। दक्षिणी क्षेत्र में एक इकाई को सील कर 2071 किग्रा पॉलीथिन जब्त कर 124 चालान किए गए। यहां 6.65 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। 1590 किग्रा पॉलीथिन जब्त कर ओखला स्थित वेस्ट टू एनर्जी प्लांट में भेजी गई।
उधर, मध्य क्षेत्र में भी एक इकाई को सील किया और 1000 किग्रा पॉलीथिन जब्त करने सहित 2.45 लाख रुपये का चालान किया गया। नजफगढ़ जोन में 440 किग्रा पॉलीथिन जब्त की और 166 चालान किए गए। पश्चिमी क्षेत्र में भी 210 किग्रा पॉलीथिन जब्त कर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पॉलीथिन बैग का इस्तेमाल न करने और इससे होने वाले नुकसान की लोगों को जानकारी देने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया गया। इस दौरान साप्ताहिक बाजार, तहबाजारी मार्केट में 35000 पर्चे बांटते हुए संदेश दिया गया। लोगों से पॉलीथिन की जगह जूट के बैग का इस्तेमाल करने की अपील की गई।