संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
द्वारका स्थित एस एस क्रिकेट अकादमी में खेले गए लीग मैच में सोनेट क्रिकेट क्लब ने दमदार प्रदर्शन करते हुए मौलाना आजाद क्रिकेट क्लब को 8 विकेट से हराया। अनिरुद्ध को शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अनिरुद्ध ने इस मैच के साथ अपने करियर के 50 विकेट भी पूरे किए, जो उनके लिए एक बड़ी उपलब्धि रही। पहले बल्लेबाजी करते हुए मौलाना आजाद सीसी की टीम 19.2 ओवर में 80 रन पर ऑलआउट हो गई। इसके जवाब में सोनेट क्रिकेट क्लब ने 11.3 ओवर में ही 82 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया।
मौलाना आजाद सीसी की ओर से यश कुमार ने 17 रन, सम्यक जैन ने 15 रन और जिशान आदिल ने नाबाद 12 रनों का योगदान दिया। वहीं रेवांत रक्यान ने 11 रन बनाए। हालांकि टीम के कई बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। सोनेट क्रिकेट क्लब के गेंदबाजों ने शुरू से ही दबाव बनाए रखा। अनिरुद्ध ने 5 ओवर में मात्र 14 रन देकर 3 विकेट झटके। उनके साथ धैर्य सिंह दलाल और मानन भारद्वाज ने भी 3-3 विकेट लेकर मौलाना आजाद सीसी की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सोनेट क्रिकेट क्लब की शुरुआत संतुलित रही। कप्तान एवं विकेटकीपर शिवम किशोर कुमार ने नाबाद 34 रन की अहम पारी खेली और टीम को जीत तक पहुंचाया। उनके अलावा नामन तिवारी ने 24 रन और सागर तवर ने 13 रन बनाए। अंत में रोहित नाबाद रहते हुए शिवम का साथ देते दिखे। मौलाना आजाद सीसी के गेंदबाजों में रेवांत रक्यान और अक्षय कपूर को 1-1 विकेट मिला, लेकिन वे टीम को जीत नहीं दिला सके। यह मैच सोनेट क्रिकेट क्लब के गेंदबाजों और बल्लेबाजों के बेहतरीन तालमेल का उदाहरण रहा। इस जीत के साथ सोनेट क्रिकेट क्लब ने लीग में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली।