45 दिन में बदली जाएंगी जली केबलें
140 एमजीडी जल शोधन संयंत्र परिसर में 300 मीटर अंडरग्राउंड केबल
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। सोनिया विहार और आसपास के इलाकों की जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दिल्ली जल बोर्ड ने 140 एमजीडी जल शोधन संयंत्र से जुड़े ट्यूबवेलों की खराब बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्णय लिया है। जली और खराब एलटी केबलों को बदलकर नई बिजली लाइन बिछाई जाएगी, जिसका काम 45 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
जल बोर्ड के अनुसार, ट्यूबवेलों तक बिजली पहुंचाने वाली केबलें खराब होने से बिजली आपूर्ति में गड़बड़ी होती है, जिससे जलापूर्ति प्रभावित होती है। नई व्यवस्था के तहत 240 वर्ग मिलीमीटर क्षमता की करीब 300 मीटर आर्मर्ड केबल जमीन के नीचे बिछाई जाएगी। साथ ही, नया एलटी पैनल और 400 एम्पीयर का मुख्य स्विच लगाया जाएगा, जिससे बिजली वितरण अधिक व्यवस्थित होगा। परिसर में रात्रि सुरक्षा के लिए 90 वाट की छह एलईडी स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जाएंगी।
सोनिया विहार जल शोधन संयंत्र की स्थापित क्षमता 140 एमजीडी है और इसका मुख्य जल स्रोत अपर गंगा नहर है। यह दिल्ली की प्रमुख जलापूर्ति व्यवस्था का अहम हिस्सा है। इस सुधार से स्थानीय लोगों को पानी की बेहतर उपलब्धता की उम्मीद है।