बेटी से मारपीट करने से मना करने पर दामाद ने बुजुर्ग ससुर को चाकू से गोदकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जबकि सास के साथ मारपीट कर उसका एक दांत तोड़ दिया। घटना को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया। शिकायत पर बाबा हरिदास नगर थाना पुलिस केस दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई है।
गुरुवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि नंदा एंक्लेव में एक युवक ने अपने बुजुर्ग सास-ससुर पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तब तक पड़ोसी दोनों को राव तुलाराम अस्पताल में भर्ती करा चुके थे।
घायल साधुराम (70) और उनकी पत्नी राजबाला (65) ने पुलिस को बताया कि दामाद प्रदीप अकसर उनकी बेटी से मारपीट करता है। मना करने पर वह हमसे भी झगड़ा करता था। गुरुवार दोपहर प्रदीप घर आया और चाकू से दोनों पर हमला कर दिया। प्रदीप ने साधुराम के सिर और पीठ पर चाकू मारा, जबकि बचाव में आई राजबाला के साथ मारपीट की और मुक्का मारकर उनका दांत तोड़ दिया।