नई दिल्ली। दक्षिण जिले के मैदानगढ़ी थाना क्षेत्र में मंगलवार-बुधवार की रात एक बेटे ने अपनी 60 वर्षीय मां चिंता देवी की शराब पीने के लिए पैसे न देने पर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी अमोद (25) ने पहले मां को लात-घूसों से मारा, फिर फावड़े के हत्थे से ताबड़तोड़ वार किए। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि पीसीआर कॉल पर पुलिस मौके पर पहुंची और चिंता देवी को घायल अवस्था में सफदरजंग अस्पताल ले गई, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। क्राइम टीम व एफएसएल ने घटनास्थल से सबूत जुटाए। जांच में पता चला कि अमोद ने शराब के लिए पैसे मांगे थे। मना करने पर उसने मारपीट की और भाग गया। बड़ा बेटा रात को घर लौटा तो मां की हत्या का पता चला, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। अमोद शादीशुदा है और उसके बच्चे बिहार के समस्तीपुर में रहते हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ब्यूरो