दादरी कोतवाली क्षेत्र की दौलतराम कॉलोनी में रास्ते से हटने को कहने पर कुछ लोगों ने युवक से मारपीट कर दी। आरोपी दिवाली की रात पटाखे फोड़ रहे थे। इस दौरान पीड़ित ने कार निकालने के लिए रास्ता मांगा था। घटना के सात दिन बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, दौलतराम कॉलोनी निवासी सुनीता देवी 12 नवंबर को बेटे अक्षय के साथ घर से बाहर गईं थी। शाम को बेटे के साथ कार से वापस पहुंचीं तो घर के पास पड़ोसी कमलजीत व दलजीत आदि रास्ते में पटाखे फोड़ रहे थे। अक्षय ने घर जाने के लिए रास्ता मांगा तो आरोपी गालियां देने लगे। अक्षय ने गाड़ी से उतरकर रास्ता देने को कहा। इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडे से मारपीट कर दी। सिर में चोट लगने से अक्षय जमीन पर गिर गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस का कहना है कि अस्पताल में इलाज कराने के बाद पीड़ित ने शिकायत दी जिस पर मामला दर्ज किया गया है।