कोरोना को हराकर लौटे सिपाही प्रवीण का अमर कॉलोनी थाने में फूलमाला पहनाकर और आरती उतारकर स्वागत किया गया। उनकी आरती महिला पुलिसकर्मियों ने उतारी। इसके बाद प्रवीण ने थाने में प्रवेश किया।
थाने के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी प्रवीण का स्वागत किया और हौसला बढ़ाया। प्रवीण ने शनिवार को अमर कॉलोनी थाने में ड्यूटी ज्वाइन कर ली। वे श्रीनिवासपुरी चौकी में तैनात थे और ओखला सब्जी मंडी में ड्यूटी थी।
ड्यूटी के दौरान वे कोरोना संक्रमित हो गए। टेस्ट रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद सिपाही को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद, थाने के चार और पुलिसकर्मी पॉजिटिव पाए गए थे।
इसके बाद अमर कॉलोनी थाने व श्रीनिवासपुरी पुलिस चौकी के ज्यादातर पुलिस स्टाफ को क्वारंटीन कर दिया गया था। दो बार नेगेटिव रिपोर्ट आने के बाद सिपाही प्रवीण को अपोलो अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अस्पताल से वे सीधे अमर कॉलोनी थाने पहुंचे। वहां उनका जोरदार स्वागत किया गया।