- छात्रों का आरोप, सेमेस्टर आधे से ज्यादा खत्म होने के बाद भी स्टडी सामग्री का इंतजार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) के छात्रों ने स्टडी सामग्री न मिलने सहित कई दूसरे मुद्दों पर सोमवार को नॉर्थ कैंपस स्थित एसओएल बिल्डिंग के बाहर प्रदर्शन किया। क्रांतिकारी युवा संगठन के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन में छात्रों का आरोप है कि उन्हें स्टडी सामग्री उपलब्ध न होने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
क्रांतिकारी युवा संगठन (केवाईएस) दिल्ली राज्य समिति सदस्य भीम कुमार ने कहा कि यूजीसी नियमों के अनुसार सेमेस्टर शुरू होने के दो हफ्ते के अंदर छात्रों को स्टडी सामग्री उपलब्ध कराया जाना अनिवार्य है। दुर्भाग्य है कि सेमेस्टर आधे से ज्यादा खत्म होने के बावजूद ज्यादातर छात्रों को अभी तक उनका स्टडी मेटेरियल तक नहीं मिला है। यह न केवल यूजीसी के नियमों का उल्लंघन है बल्कि इससे छात्रों की परीक्षा तैयारी भी गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है।
एक अन्य गंभीर मुद्दा सिलेबस पूरा करने में कक्षाओं की अपर्याप्तता से संबंधित है। पहले से ज्यादा भारी फीस देने के बावजूद छात्रों को पहले की तरह सेमेस्टर में भी केवल 10 से 15 दिन की कक्षाएं मिल रही है जो सिलेबस पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं हैं। इतनी कम कक्षाओं के चलते छात्रों के लिए सिलेबस को अच्छे तरीके से समझकर परीक्षा की तैयारी कर पाना बेहद कठिन है। छात्रों की मांगों को प्रशासन जल्द पूरा करें।