अभी तक मात्र 60 प्रतिशत लोगों ने ही फार्मों को जमा किया गया, 21 जुलाई तक अंतिम सूची होगी तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना शहरी क्षेत्र में एसआईआर फार्म कम जमा होने को लेकर प्रशासन गम्भीर होने लगा है। जिसको लेकर सोहना एसडीएम ने पार्षदों संग बैठक करके एसआईआर फार्म जमा कराने के लिए प्रेरित किया है। ताकि नागरिकों के मत के अधिकार सुरक्षित रहें। वहीं पार्षदों ने फार्मों को जल्द ही जमा कराए जाने का आश्वासन दिया है। बता दें कि फार्म जमा करने की 14 जुलाई अंतिम तारीख है।
एसआईआर फार्मों के कम जमा होने के कारण शुक्रवार को सोहना एसडीएम कार्यालय में नगरपरिषद पार्षदों की बैठक आमंत्रित की गई थी। इसकी अध्यक्षता सोहना एसडीएम अखिलेश यादव द्वारा की गई। जिसमें अधिकांश पार्षद मौजूद रहे। एसडीएम ने एसआईआर फार्म कम संख्या में जमा किए जाने पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि फार्मों को वितरित किए जाने का कार्य 15 जून से प्रारंभ कर दिया गया था। बीएलओ द्वारा अधिकांश नागरिकों को फार्म वितरित कर दिए गए हैं। किंतु अभी तक मात्र 60 प्रतिशत लोगों ने ही फार्मों को जमा किया है। जिसके चलते 40 प्रतिशत लोगों की वोट कटने का अनुमान है। 21 जुलाई तक अंतिम सूची तैयार कर दी जाएगी। इसके अलावा मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर एक महीने तक दुरुस्त कराया जा सकता है।
एसडीएम ने बताया कि उक्त कार्य संपन्न होने के बाद नए मतदाता बनाने का कार्य शुरू होगा। उन्होंने पार्षदों से जल्द ही एसआईआर फार्म जमा कराने को कहा है। बैठक में नगरपरिषद कार्यकारी अधिकारी सुनील रंगा, राजेंद्र बागड़ी, पार्षद हरीश नंदा, पार्षद नीरज सिंगला, पार्षद परविंदर यादव, नौबत सैनी, गुरबचन सिंह, अशोक गर्ग, नितिन यादव, कपिल सैनी, ललित शर्मा आदि मौजूद रहे।